July 6, 2026
WhatsApp-Image-2026-07-06-at-4.50.30-PM-e1783345680666.jpeg
  • सहकार मंथन कार्यक्रम में डॉ. धन सिंह रावत की घोषणा, 13 उत्कृष्ट सहकारी समितियां सम्मानित

देहरादून। प्रदेश में सहकारिता आंदोलन को नई गति देने के लिए राज्य सरकार ने आठ नए सहकारी संघ गठित करने का फैसला किया है। सोमवार को देहरादून में आयोजित ‘सहकार मंथन’ कार्यक्रम में सहकारिता मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने इसकी घोषणा करते हुए कहा कि किसानों, महिला स्वयं सहायता समूहों, युवाओं और कारीगरों को संगठित कर स्वरोजगार और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाया जाएगा।

केंद्रीय सहकारिता मंत्रालय के पांच वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर आयोजित ‘सहकार मंथन’ कार्यक्रम में सहकारिता मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने कहा कि प्रदेश में सहकारिता के विस्तार के लिए आठ नए सहकारी संघ गठित किए जाएंगे। इनमें लखपति दीदी फेडरेशन, महिला स्वयं सहायता समूह फेडरेशन, वन पंचायत फेडरेशन, स्वास्थ्य फेडरेशन, प्लंबर एवं जल कार्यकर्ता फेडरेशन, भारत टैक्सी फेडरेशन, एविएशन फेडरेशन तथा यूथ फेडरेशन शामिल हैं।

उन्होंने बताया कि 21 हजार महिला स्वयं सहायता समूहों को अधिक संगठित और आत्मनिर्भर बनाने के लिए महिला स्वयं सहायता समूह फेडरेशन बनाया जाएगा। वहीं लखपति दीदी फेडरेशन के माध्यम से महिलाओं को सरकारी योजनाओं से जोड़कर आर्थिक रूप से सशक्त किया जाएगा। वन पंचायत फेडरेशन वन आधारित आजीविका को बढ़ावा देगा, जबकि प्लंबर फेडरेशन कुशल कारीगरों को रोजगार के नए अवसर उपलब्ध कराएगा। भारत टैक्सी फेडरेशन से प्रदेश के करीब 47 हजार वाहन चालक ऑनलाइन प्लेटफॉर्म से जुड़ेंगे और यूथ फेडरेशन का लक्ष्य एक वर्ष में एक लाख युवाओं को स्वरोजगार से जोड़ना होगा।

डॉ. रावत ने कहा कि जिला स्तर पर आयोजित सहकारिता मेलों की सफलता को देखते हुए अब सभी विधानसभा क्षेत्रों में भी सहकारी मेलों का आयोजन किया जाएगा। इससे किसानों, काश्तकारों, कारीगरों और महिला स्वयं सहायता समूहों को अपने उत्पादों के विपणन का बेहतर अवसर मिलेगा।

कार्यक्रम में घनसाली विधायक शक्तिलाल शाह, उत्तराखंड राज्य सहकारी संघ के पूर्व अध्यक्ष मातवर सिंह रावत, जिला सहकारी बैंक टिहरी के पूर्व अध्यक्ष सुभाष रमोला तथा निबंधक सहकारिता डॉ. मेहरबान सिंह बिष्ट ने भी सहकारिता क्षेत्र में हुए कार्यों और भविष्य की योजनाओं पर अपने विचार रखे।

13 उत्कृष्ट सहकारी समितियां सम्मानित

कार्यक्रम में प्रदेश की 13 उत्कृष्ट बहुउद्देशीय सहकारी समितियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। इनमें गोपेश्वर (चमोली) सहित बागेश्वर, अल्मोड़ा, टिहरी, पिथौरागढ़, चम्पावत, नैनीताल, हरिद्वार, पौड़ी, देहरादून, उत्तरकाशी, ऊधमसिंह नगर और रुद्रप्रयाग की समितियां शामिल रहीं। इसके अलावा जिला सहकारी बैंक चमोली और पौड़ी को नाबार्ड द्वारा उत्कृष्ट कार्य के लिए सम्मानित किया गया। इस अवसर पर विभिन्न कार्यालय भवनों का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया गया तथा महिला स्वयं सहायता समूहों को ब्याजमुक्त ऋण के चेक और दो बहुउद्देशीय सहकारी समितियों को माइक्रो एटीएम भी वितरित किए गए।

About The Author

Leave a Reply

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Verified by MonsterInsights