July 25, 2026

देहरादून। सावन मास की पावन बेला में धर्मपुर स्थित सिद्धपीठ प्राचीन श्री शिव मंदिर (135 धर्मपुर चौक) एक बार फिर भक्ति, आध्यात्म और सनातन संस्कृति के रंग में रंगने जा रहा है। श्री शिव मंदिर प्रबंध समिति (रजि.) एवं क्षेत्र के सनातन प्रेमियों के संयुक्त तत्वावधान में 2 अगस्त से 12 अगस्त तक दिव्य एवं भव्य संगीतमय श्री शिव महापुराण कथा ज्ञान महायज्ञ का आयोजन किया जाएगा। आयोजन का उद्देश्य प्रकृति एवं पर्यावरण संरक्षण, राज्य उन्नयन, विज्ञान और आध्यात्म के समन्वय का संदेश देना रहेगा।
आयोजन का शुभारंभ 2 अगस्त को दोपहर 2 बजे भव्य कलश यात्रा के साथ होगा। यह यात्रा मंदिर परिसर से प्रारंभ होकर धर्मपुर क्षेत्र के विभिन्न मार्गों से होते हुए पुनः मंदिर पहुंचेगी, जिसके बाद श्री शिव महापुराण कथा का शुभारंभ किया जाएगा। कथा का आयोजन प्रतिदिन दोपहर 3 बजे से शाम 6 बजे तक 12 अगस्त तक चलेगा। सुप्रसिद्ध कथा व्यास श्री सुभाष जोशी अपने श्रीमुख से भगवान शिव की महिमा का रसपान श्रद्धालुओं को कराएंगे।
कथा के दौरान समिति की ओर से रोचक धार्मिक प्रश्नोत्तरी का भी आयोजन किया जाएगा। कथा प्रसंगों से जुड़े प्रश्न श्रद्धालुओं से पूछे जाएंगे और सही उत्तर देने वाले भक्तों को सम्मानित एवं पुरस्कृत किया जाएगा। प्रतिदिन सुबह यजमानों द्वारा अभिषेक एवं विशेष पूजन संपन्न होगा। इसके साथ ही प्रतिदिन 1100 पार्थिव शिवलिंगों का निर्माण किया जाएगा। दस दिनों तक चलने वाले इस अनुष्ठान में कुल 11 हजार पार्थिव शिवलिंग तैयार किए जाएंगे, जिन्हें कथा समापन के बाद भगवान शिव को समर्पित कर विधि-विधान से गंगा में विसर्जित किया जाएगा।
मंदिर समिति के प्रधान श्री सीताराम भट्ट ने बताया कि इस वर्ष आयोजन को और अधिक भव्य एवं अनुशासित स्वरूप देने के लिए कलश यात्रा में शामिल सभी मातृशक्ति एवं समिति सदस्यों के लिए विशेष ड्रेस कोड निर्धारित किया गया है। मंदिर परिसर में आयोजन की तैयारियां युद्धस्तर पर शुरू हो चुकी हैं और श्रद्धालुओं में भी उत्साह का माहौल है।
उन्होंने बताया कि शिव महापुराण कथा के सफल आयोजन के बाद आगामी 1 सितंबर से 9 सितंबर तक इसी परिसर में श्रीमद्भागवत कथा ज्ञान महायज्ञ का भी दिव्य एवं भव्य आयोजन प्रस्तावित है, जिसकी तैयारियां भी प्रारंभ कर दी गई हैं।

About The Author

Leave a Reply

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Verified by MonsterInsights