November 12, 2026
IMG-20261112-WA0033.jpg

महानगर कांग्रेस कमेटी देहरादून द्वारा आज उत्तराखंड के मुख्यमंत्री एवं भ्रष्ट मंत्रियों के खिलाफ हस्ताक्षर अभियान का शुभारंभ किया गया। इस अभियान के माध्यम से प्रदेश सरकार के कार्यकाल में सामने आए भ्रष्टाचार, अनियमितताओं, जनविरोधी फैसलों एवं जनता से जुड़े विभिन्न मुद्दों को लेकर आम नागरिकों की आवाज को एकजुट किया जाएगा।

इस अवसर पर कांग्रेस के प्रदेश चुनाव प्रबंधन समिति के अध्यक्ष श्री हरक सिंह रावत ने कहा कि उत्तराखंड की वर्तमान भाजपा सरकार भ्रष्टाचार और कुशासन के आरोपों से घिरी हुई है। प्रदेश की जनता ने जिस विश्वास के साथ सरकार को सत्ता सौंपी थी, उस विश्वास पर सरकार खरी नहीं उतर पाई है। आज बेरोजगारी, महंगाई, भ्रष्टाचार और बिगड़ती कानून व्यवस्था से आम जनता परेशान है। कांग्रेस पार्टी जनता के अधिकारों और प्रदेश के भविष्य की रक्षा के लिए लगातार संघर्ष कर रही है। यह हस्ताक्षर अभियान जनता की आवाज को सरकार तक पहुंचाने का एक सशक्त माध्यम बनेगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश के प्रत्येक नागरिक को इस अभियान से जोड़कर सरकार की जवाबदेही तय करने की मांग की जाएगी।

महामंत्री संगठन राजेंद्र भंडारी ने कहा कि उत्तराखंड की भाजपा सरकार के कार्यकाल में जिस प्रकार भ्रष्टाचार, प्रशासनिक अव्यवस्थाओं और जनहित की अनदेखी के मामले सामने आ रहे हैं, उससे प्रदेश की जनता में भारी आक्रोश है। सरकार जनता के बुनियादी सवालों का जवाब देने के बजाय अपनी विफलताओं को छिपाने में लगी हुई है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस संगठन पूरी मजबूती के साथ जनता के बीच जाकर सरकार की नाकामियों को उजागर करेगा। यह हस्ताक्षर अभियान केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि प्रदेश की जनता को अपने अधिकारों के लिए एकजुट करने का लोकतांत्रिक आंदोलन है। उन्होंने महानगर कांग्रेस के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि अभियान को जन-जन तक पहुंचाकर अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करें।

महानगर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष डॉ. जसविंदर सिंह गोगी ने कहा कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में भ्रष्टाचार और जनसमस्याओं ने प्रदेश की जनता का विश्वास कमजोर किया है। सरकार के मंत्रियों और मुख्यमंत्री की जवाबदेही तय होना आवश्यक है। कांग्रेस पार्टी अब इस मुद्दे को केवल राजनीतिक मंचों तक सीमित नहीं रखेगी, बल्कि आम जनता के बीच जाकर हस्ताक्षर अभियान के माध्यम से जनसमर्थन जुटाएगी।

डॉ. गोगी ने कहा कि महानगर कांग्रेस कमेटी देहरादून इस अभियान को महानगर के प्रत्येक वार्ड, ब्लॉक और मंडल तक पहुंचाएगी। अधिक से अधिक नागरिकों को इस अभियान से जोड़कर प्रदेश सरकार के खिलाफ लोकतांत्रिक तरीके से विरोध दर्ज कराया जाएगा। कांग्रेस पार्टी भ्रष्टाचार के खिलाफ अपनी लड़ाई तब तक जारी रखेगी, जब तक जनता को जवाबदेही और पारदर्शी शासन का भरोसा नहीं मिलता।

उन्होंने महानगर कांग्रेस के सभी ब्लॉक अध्यक्षों, मंडल अध्यक्षों, पार्षदों, वरिष्ठ पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे इस अभियान को सफल बनाने के लिए पूरी सक्रियता से जुटें और आम जनता को इसमें सहभागी बनाएं।

About The Author

Leave a Reply

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Verified by MonsterInsights