June 5, 2026
passenger-killed-due-to-bike-collision-accident-in-sihora-area-condition-of-deceaseds-partner-critic.webp
  • 16 घायल, बदरीनाथ धाम यात्रा पर आए श्रद्धालु थे सवार

गोपेश्वर (चमोली)। बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर हेलंग से आगे पैनीबैंड के पास एक टेंपो ट्रैवलर दुर्घटनाग्रस्त होकर सड़क पर पलट गई। हादसे में गाजियाबाद निवासी एक महिला यात्री की मौत हो गई, जबकि चालक समेत 16 लोग घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ज्योतिर्मठ में भर्ती कराया गया है।

जानकारी के अनुसार शुक्रवार की सुबह 5.37 बजे जिला नियंत्रण कक्ष को 112 के माध्यम से सूचना मिली कि पैनीबैंड के समीप एक टेंपो ट्रैवलर (टीपीडीएम 1वी4545) अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया है। सूचना मिलते ही थाना जोशीमठ से प्रभारी निरीक्षक पुलिस बल और रेस्क्यू उपकरणों के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस और स्थानीय लोगों ने राहत एवं बचाव अभियान चलाकर घायलों को वाहन से बाहर निकाला तथा 108 एंबुलेंस और निजी वाहनों से अस्पताल पहुंचाया।

अस्पताल में चिकित्सकों ने गंभीर रूप से घायल अन्ना मक्कर (45 वर्ष), निवासी इंदिरापुरम, गाजियाबाद को मृत घोषित कर दिया। अन्य सभी घायलों का उपचार चल रहा है। बताया जा रहा है कि वाहन में दिल्ली, नोएडा, गाजियाबाद, फरीदाबाद और हिमाचल प्रदेश के श्रद्धालु सवार थे।

दुर्घटना में घायल होने वालों में फरीदाबाद निवासी पूनम शर्मा व विशाल शर्मा, दिल्ली निवासी मोहित अग्रवाल, शिवानी गोयल, रोहित अग्रवाल, जसमीत, अभिनव अग्रवाल, आशी अग्रवाल, आकृति अग्रवाल, लिपाक्षी, गाजियाबाद निवासी मिताली मक्कर, नोएडा निवासी अंकुर गुप्ता, अर्शी गुप्ता एवं उनकी नौ माह की पुत्री अर्हिता गुप्ता तथा सोलन निवासी निधि जिंदल शामिल हैं। वाहन चालक दलजीत वर्मा निवासी बुराड़ी, दिल्ली भी घायल हुआ है।

पुलिस ने मृतका के शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने की कार्रवाई शुरू कर दी है। दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।

About The Author

Leave a Reply

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Verified by MonsterInsights